करैरा वार्ड क्रमांक 12 में टूटी पाइपलाइन से लोग परेशान, गली में भरा पानी
करैरा। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 12 में नई तहसील के बगल वाली गली में पाइपलाइन टूटने से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि नगर पालिका द्वारा जेसीबी से काम कराया जा रहा था, इसी दौरान पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई।
पाइपलाइन टूटने के बाद से गली में पानी की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि गली की स्थिति खराब होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। पुराने लोगों को भी घरों से निकलने और गली से गुजरने में परेशानी उठानी पड़ रही है।
स्थानीय रहवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि टूटी हुई पाइपलाइन को जल्द ठीक कराया जाए और गली की व्यवस्था दुरुस्त कराई जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
अब देखना यह है कि नगर पालिका प्रशासन वार्डवासियों की इस समस्या का समाधान कब तक करता है।
Karera, Shivpuri | Aug 25, 2026