सर्किल जेल शिवपुरी में शनिवार को बंदियों के लिए आयुष स्वास्थ्य शिविर और योग शिविर का आयोजन किया गया तथा जेल का निरीक्षण किया गया। यह आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री राजेन्द्र प्रसाद सोनी के निर्देशन तथा जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के समन्वय से किया गया, जिसमें बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित की गईं और योग कराया गया।
शिविर में आयुष चिकित्सकों व स्वास्थ्य टीम ने उपस्थित बंदियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और निशुल्क आयुर्वेदिक दवाइयां वितरित कीं। योग प्रशिक्षक एवं योग सहायक श्री शत्रुघन दीक्षित ने पुरुष एवं महिला बंदियों को योग कराया और योग का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही न्यायिक अधिकारियों ने सर्किल जेल शिवपुरी का निरीक्षण किया तथा बंदियों की समस्याएं सुनीं।
इस अवसर पर विशेष न्यायाधीश श्री अशोक कुमार शर्मा तथा जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी श्री कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया ने जेल का निरीक्षण किया। शिविर में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनिल वर्मा के समन्वय से डॉ. पवन राजपूत, आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. यशस्वी मेहता, डॉ. नीलकमल शाक्य एवं डॉ. अमित केवट, नर्स स्टाफ श्री अनिल कुमार, महिला आयुर्वेद स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्रीमती सरिता माहौर एवं श्रीमती सुमनलता आर्य तथा दवासाज श्री दीपक पोड्रिक ने सेवाएं दीं। निरीक्षण के दौरान मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवपुरी श्रीमती प्राची शर्मा उपाध्याय, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवपुरी श्रीमती रंजना चतुर्वेदी तथा जिला रजिस्ट्रार श्रीमती प्रीति परिहार उपस्थित रहीं।
निरीक्षण के दौरान बंदियों की समस्याओं के निराकरण के लिए जेल प्रबंधन एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। आयुष शिविर व योग प्रशिक्षण से बंदियों के स्वास्थ्य को बेहतर लाभ मिलने की उम्मीद जताई गई।
Jansampark Madhya Pradesh
Department of Ayush, Madhya Pradesh
#shivpuri
Shivpuri, Madhya Pradesh | Nov 28, 2026