अररिया व्यवहार न्यायालय परिसर, अररिया में सुबह से देर शाम तक लंबित ट्रैफिक चालानों के निष्पादन का चला सिलसिला
अररिया व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में लंबित ट्रैफिक एवं परिवहन चालानों के निष्पादन को लेकर वाहन स्वामियों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी। सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों से संबंधित लंबित ई-चालानों के समाधान के लिए लोक अदालत पहुंचे। दिनभर आयोजन स्थल पर वाहन स्वामियों की आवाजाही बनी रही तथा देर शाम तक चालान निष्पादन का कार्य जारी रहा।
बिहार सरकार के परिवहन विभाग द्वारा लागू “एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना–2026” के तहत आयोजित इस विशेष अभियान में 90 दिनों से अधिक समय से लंबित पात्र चालानों के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था की गई थी। पात्र मामलों में शमन राशि में 50 प्रतिशत तक की राहत मिलने के प्रावधान के कारण वाहन स्वामियों में अपने पुराने चालानों का समाधान कराने को लेकर विशेष रुचि देखने को मिली।
लोक अदालत परिसर में वाहन स्वामियों की सुविधा के लिए चालान सत्यापन, निष्पादन, भुगतान एवं तकनीकी सहायता से संबंधित अलग-अलग काउंटर बनाए गए थे। अधिकारियों एवं कर्मियों द्वारा लोगों के चालानों की जांच कर आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई गई तथा नियमानुसार निष्पादन की प्रक्रिया पूरी की गई। ऑनलाइन/UPI भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहने से वाहन स्वामियों को भुगतान में भी सहूलियत हुई।
समाचार लिखे जाने तक लगभग 190 चालानों का निष्पादन किया जा चुका था तथा करीब ₹6,10,000/- (छः लाख दस हजार रुपये मात्र) की शमन राशि जमा की गई थी। अधिकारियों के अनुसार देर शाम तक निष्पादित चालानों एवं जमा राशि की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना थी।
राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अररिया द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण किया गया। उन्होंने विभिन्न काउंटरों पर जाकर चालान निष्पादन की प्रक्रिया तथा आम नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने राष्ट्रीय लोक अदालत को आम नागरिकों को त्वरित एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बताया।
वहीं, जिला पदाधिकारी, अररिया, श्री विनोद दूहन के दिशा निर्देश में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा लोक अदालत में आने वाले वाहन स्वामियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी एवं व्यवस्थित सुनिश्चित की गई थी।
जिला प्रशासन, जिला परिवहन कार्यालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के समन्वय से आयोजन स्थल पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, सहायता डेस्क एवं तकनीकी सहयोग सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई थीं। लोगों को चालान से संबंधित जानकारी देने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कर्मियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने बताया कि लोक अदालत के आयोजन से पूर्व ही लंबित चालानों वाले संबंधित वाहन स्वामियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजकर उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत की जानकारी दी गई थी। साथ ही आईवीआर कॉलिंग के माध्यम से भी वाहन स्वामियों को अपने लंबित चालानों के निष्पादन के लिए लोक अदालत में आने का संदेश दिया गया। विभाग द्वारा किए गए इस व्यापक सूचना एवं जागरूकता अभियान का सकारात्मक असर आयोजन स्थल पर देखने को मिला, जहां सुबह से ही बड़ी संख्या में वाहन स्वामी अपने लंबित चालानों के समाधान के लिए पहुंचते रहे।
यातायात पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि “एकमुश्त यातायात चालान निपटान योजना–2026” का उद्देश्य पुराने लंबित चालानों के मामलों में पात्र वाहन स्वामियों को राहत प्रदान करते हुए उनका त्वरित एवं सुविधाजनक निष्पादन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभियान लोगों को अपने लंबित चालानों का समय पर समाधान कराने के साथ-साथ यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन स्वामियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से यह स्पष्ट हुआ कि लोग लंबित चालानों के समाधान के लिए उपलब्ध अवसर का लाभ उठाने के प्रति जागरूक हैं। जिला प्रशासन ने वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे अपने लंबित चालानों का समय पर निष्पादन कराएं तथा भविष्य में यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।
Araria, Araria | Sep 12, 2026