हिमाचल की कांग्रेस सरकार की तमाम कोशिशों के बावजूद शिमला जिला परिषद पर बीजेपी का कब्जा हो गया है। इसके साथ ही शिमला जिला परिषद में पहली बार भगवां पार्टी ने कब्जा जमाने में सफलता हासिल की है। बीजेपी समर्थित भूपेंद्र सिसोदिया चेयरमैन और भरत सिंह क्लांटा वाइस चेयरमैन चुने गए हैं। यानी 102 दिन के लंबे इंतजार के बाद शिमला जिला परिषद को चेयरमैन और वाइस चेयरमैन मिला है। 25 सदस्यीय वाली शिमला जिला परिषद में चेयरमैन पद के लिए बीजेपी के भूपेंद्र सिसोदिया को 13 वोट मिले और कांग्रेस के सुरेंद्र रेक्टा को 10 मत मिले और दो मत रिजेक्ट हुए। इसी तरह वाइस चेयरमैन के लिए बीजेपी के भरत सिंह क्लांटा 14 मत पड़े और कांग्रेस समर्थित मीनाक्षी के हिस्से 10 मत आए एक मत रिजेक्ट हो गया। जिला परिषद में चेयरमैन और वाइस चेयरमैन बनाने के लिए किसी भी दल को बहुमत के लिए 13 सदस्यों का समर्थन जरूरी था। मौजूदा स्थिति में बीजेपी समर्थित 11 और कांग्रेस समर्थित 10 निर्वाचित सदस्य हैं और 2 निर्दलीय सदस्यों की अहम भूमिका थी।
Solan, Solan | Sep 10, 2026