यमुना में डूबे छात्र विमल की तलाश, जुनेद ने विमल के चचेरे भाई विवेक को बचाया
-ऑक्सीजन खत्म होने से सर्च अभियान रुका, यमुना किनारे बिलखते रहे परिजन
शामली के कैराना में परिवार के साथ यमुना नदी में स्नान करने पहुंचे 11वीं कक्षा के छात्र विमल और उसके नौ वर्षीय चचेरे भाई विवेक के गहरे पानी में डूबने से हड़कंप मच गया। दोनों को डूबता देख हरियाणा के गांव रामड़ा आर निवासी जुनेद पुत्र जब्बार ने नदी में उतरकर विवेक को सकुशल बचा लिया, जबकि विमल का कोई सुराग नहीं लग सका। निजी गोताखोरों ने उसकी तलाश में सर्च अभियान चलाया, लेकिन सिलेंडर में ऑक्सीजन खत्म होने के कारण अभियान बीच में रोकना पड़ा।
दरअसल मूल रूप से ग्राम मंसापुरा, थाना अलीगंज, जनपद बरेली निवासी परिवार वर्तमान में तहसील कैंप, पानीपत में रहता है। परिवार के सदस्य भाद्रपद शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा के अवसर पर यमुना में स्नान करने पहुंचे थे। इसी दौरान विमल पुत्र नरदेव और विवेक पुत्र अरविंद हरियाणा की ओर स्नान करते हुए गहरे पानी में चले गए।
दोनों को डूबता देखकर किनारे मौजूद जुनेद ने तत्काल नदी में छलांग लगाई और विवेक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। विमल गहरे पानी में लापता हो गया। इसके बाद यमुना घाट पर तैनात निजी गोताखोर साजिद और उनकी टीम ने उसकी तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद भी सफलता नहीं मिली। इसी बीच गोताखोरों के सिलेंडर में ऑक्सीजन समाप्त होने पर सर्च अभियान रोक दिया गया। ऑक्सीजन की व्यवस्था के लिए टीम पानीपत रवाना हुई।
सूचना पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार, यमुना ब्रिज चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार, कांस्टेबल रामकुमार सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे।
विमल 11 वीं कक्षा का छात्र है। उसके पिता नरदेव पानीपत में रिक्शा चलाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। पिता नरदेव, माता सरवेस, बहन अंशु और भाई अरुण यमुना किनारे विमल की सकुशल बरामदगी की आस लगाए बैठे रहे। वहीं विवेक के पिता अरविंद, माता सीला और भाई अनमोल व आयुष भी मौके पर मौजूद रहे। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Hardoi, Hardoi | Sep 27, 2026