*कलेक्टर श्री सिंह के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री कूमट द्वारा विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई*
उज्जैन,15 सितंबर। मंगलवार को कलेक्टर श्री रौशन कुमार सिंह के मार्गदर्शन में सीईओ जिला पंचायत श्री श्रेयांस कूमट द्वारा कलेक्टर कार्यालय सभागृह में विभिन्न आवेदनों पर जनसुनवाई की गई।
झारडा निवासी भरतलाल ने आवेदन दिया कि उनके स्वामित्व की कृषि भूमि के खसरे में सुधार करवाया जाना है। इस पर एसडीएम महिदपुर को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
महिदपुर निवासी अशोक कुमार पोरवाल एवं अन्य ने आवेदन दिया कि वे महिदपुर में स्थित एक कॉलोनी में रहते है। उक्त कॉलोनी वर्ष 2003 से बसी हुई है तथा वर्तमान में यहां 60 से अधिक मकान और परिवार निवासरत हैं। इसके बावजूद आज दिनांक तक कॉलोनी में मूलभूत सुविधाएं जैसे सड़क, सीवरलाईन,लाईट, पानी की निकासी और घरेलु पानी की सप्लाय पाईपलाईन उपलब्ध नहीं है। इस वजह से स्थानीय लोगों को बहुत परेशानी हो रही है। इस पर ऑफिसर इंचार्ज कॉलोनी सेल गठन को मामले की जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए गए।
उज्जैन निवासी राधेश्याम ने आवेदन दिया कि ग्राम केसुनी में उनके द्वारा कृषि भूमि कृय की गई थी। उसमें बंदोबस्त के दौरान त्रुटि होकर खसरे में कम भूमि दर्ज हो गई थी। इसमे सुधार किया जाए। इस पर भू-अभिलेख शाखा के प्रभारी अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर शीघ्र प्रकरण का निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार अपर कलेक्टर श्री शाश्वत शर्मा एवं अन्य अधिकारियों द्वारा विभिन्न मामलों में जनसुनवाई की गई।