सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा यात्रा आज ग्राम बरगड़ी से जिले में प्रवेश करेगी
कलेक्टर डॉ. मीना ने स्थल एवं यात्रा मार्ग, निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा यात्रा 23 सितम्बर को जनपद पंचायत बड़ौद के ग्राम बरगड़ी से आगर-मालवा जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा के सुचारू संचालन एवं कार्यक्रमों की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना ने मंगलवार को जिले के प्रवेश स्थल, प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों एवं यात्रा मार्ग का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
कलेक्टर डॉ. मीना ने संबंधित अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का गंभीरता एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सेवा यात्रा के दौरान पेयजल, चिकित्सा, सुरक्षा, स्वच्छता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयपूर्व सुनिश्चित की जाएं। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए यात्रा के दौरान व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं सुचारू बनाए रखें।
बड़ौद में स्वच्छता एवं पौधारोपण कार्यक्रम
जिला पंचायत सीईओ श्री बीएस सोलंकी ने बताया कि सेवा यात्रा ग्राम बरगड़ी से जिले में प्रवेश करने के उपरांत प्रातः 11 बजे बड़ौद पहुंचेगी। यहां स्वच्छता कार्यक्रम एवं पौधारोपण किया जाएगा। इसके उपरांत सेवा यात्रा आगर के लिए प्रस्थान करेगी। सेवा यात्रा का दोपहर 2 बजे आगर नगर में आगमन होगा। यहां विजय स्तंभ पर पूर्व सैनिकों का सम्मान एवं भारत माता की आरती का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके पश्चात सेवा यात्रा का नगर भ्रमण होगा तथा पुस्तक वितरण एवं विद्यार्थियों से संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सेवा संकल्प अभियान जन सेवा संकल्प यात्रा वडनगर से वाराणासी तक के तहत् जिले में इस यात्रा के सफल आयोजन एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिये कलेक्टर डॉ. शेर सिंह मीना द्वारा विभिन्न अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं और समय-सीमा में दायित्व निर्वहन के निर्देश अधिकारियों को दिए है।
गौशाला का किया निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. मीना ने इसके पश्चात श्री कृष्ण योगेश्वर गौशाला, बरगड़ी का निरीक्षण किया तथा गौशाला में गौवंशों के लिए की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गौवंशों के रख-रखाव एवं उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम आगर श्री कमल मंडलोई, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री कुशल सिंह डोडवे सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, गौशाला के संरक्षक रामचन्द्र बगड़ावत, किसान नेता श्री डूंगर सिंह एवं श्री सुरेंद्र सिंह परिहार भी उपस्थित थे।
11 views | Agar Malwa, Madhya Pradesh | Sep 22, 2026