#भरतपुर। राजस्थान विद्युत प्रसारण श्रमिक संघ की ओर से मंगलवार को नवनियुक्त अधीक्षण अभियंता भूपेंद्र शर्मा का अभिनंदन किया गया और उन्हें 11 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर लंबित समस्याओं के समाधान का आग्रह किया गया। मांग पत्र सौंपने से पूर्व संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें भारतीय मजदूर संघ एवं प्रसारण निगम के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से सीधा संवाद किया। बैठक में कर्मचारियों के हितों, संगठन की मजबूती और आपसी समन्वय पर विचार-विमर्श करने के साथ-साथ कार्यस्थल पर सुरक्षा को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया गया। संवाद कार्यक्रम के दौरान संघ के पदाधिकारियों ने 'सेफ्टी फर्स्ट' का संदेश देते हुए सभी कर्मचारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के लिए प्रेरित किया। इसके पश्चात प्रतिनिधिमंडल ने अधीक्षण अभियंता और कार्यालयीन अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्याओं के निराकरण पर विस्तृत चर्चा की, जिस पर अधीक्षण अभियंता की ओर से सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। ओमप्रकाश चौधरी कवई की अध्यक्षता और निर्भय कुंतल के संचालन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में विभाग के कई प्रमुख पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी मौजूद रहे।