#कानून_व्यवस्था_पर_सीएम_भजनलाल_सख्त..
भरतपुर। राजस्थान में हालिया आपराधिक घटनाओं और पुलिसकर्मियों के कथित लापरवाहीपूर्ण व्यवहार को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को कानून व्यवस्था की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि अपराध के मामलों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक के बाद पुलिस विभाग में कार्रवाई करते हुए 1 अधिकारी को निलंबित (वैर थानाधिकारी धीरेन्द्र सिंह), 6 को एपीओ (एएसपी वैर प्रेरणा शेखावत, सीओ भुसावर नीरज भारद्वाज, सीओ यातायात किशनगढ़ अंजू यादव, सीओ सांभर मुकेश जोशी, सीओ सिटी श्रीगंगानगर विष्णु कुमार खत्री और पुलिस निरीक्षक जयपुर आयुक्तालय मुकेश खराड़िया) और 2 अधिकारियों को पद से हटाया (एएसपी एसआईयूसीएडब्ल्यू, जयपुर ग्रामीण बृजमोहन मीणा और एएसपी खैरथल जया सिंह) गया। मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाए और लापरवाही के लिए जिम्मेदार कार्मिकों की जवाबदेही तय हो। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है और अपराध करने वाला कोई भी व्यक्ति कार्रवाई से बचना नहीं चाहिए। मुख्यमंत्री ने खनन और भूमि विवाद से जुड़े मामलों की जिलेवार सूची तैयार कर उनके निस्तारण के लिए कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि माफिया के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए और आपराधिक घटनाओं के साथ पुलिसकर्मियों के आचरण से जुड़े मामलों की भी गहन समीक्षा हो। छोटी घटनाओं पर समय रहते संज्ञान लेने और प्रभावी निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारी अपने प्रभार वाले रेंज और जिलों में नियमित समीक्षा करें, ताकि छोटी घटनाएं गंभीर रूप न ले सकें। मुख्यमंत्री ने महिला सुरक्षा के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट्स का सुचारू संचालन करने और स्कूल-कॉलेजों में उनके संवाद कार्यक्रम सुनिश्चित करने को भी कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस का दायित्व अपराधियों में कानून का भय पैदा करना और आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास का भाव मजबूत करना है। कुछ कार्मिकों के अनुचित व्यवहार से पूरे विभाग की छवि प्रभावित होती है, इसलिए पुलिस का आचरण ऐसा होना चाहिए कि हर नागरिक स्वयं को सुरक्षित महसूस करे।