#मेला_दिलों_का_आता_है..!
भरतपुर। शहर में दशहरा मेले के तहत आयोजित होने वाले पारंपरिक श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशुमेले की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं, जो आगामी 15 से 25 अक्टूबर तक चलेगा। मेले में लगने वाली नुमाइश, खरीदारी और मनोरंजन के साधनों को लेकर शहरवासियों में काफी उत्सुकता है। इस बड़े आयोजन के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कमर उल जमान चौधरी ने आदेश जारी कर उपखंड अधिकारी को मेला मजिस्ट्रेट और तहसीलदार को सहायक मेला मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है। मेले में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर पैनी नजर रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए नगर निगम आयुक्त को फायर ब्रिगेड और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को एम्बुलेंस व चिकित्सक दलों के साथ पूरी तरह मुस्तैद रहने को कहा गया है ताकि मेले का आयोजन सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।