कुम्हारी क्षेत्र में प्रत्येक छह माह में एक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाए- विधायक श्रीमति खटीक
===
पेंशन, आधार, ई-केवाईसी और फार्मर आईडी के लिए 31 अक्टूबर को कुम्हारी लगेंगे विशेष शिविर- कलेक्टर श्री यादव
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान से योजनाओं की जमीनी हकीकत परखी,
==
स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
==
कुम्हारी में आयोजित शिविर में मौके पर विभिन्न शासकीय योजनाओं के हितलाभ का हुआ वितरण
==
लंबित आवेदनों के निराकरण की होगी सतत मॉनिटरिंग
==
ग्राम पंचायत कुम्हारी में आयोजित हुआ जन-विश्वास शिविर
==
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने और उनके क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति जानने के उद्देश्य से हटा विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत कुम्हारी में जनविश्वास शिविर आयोजित किया गया। अभियान के अंतर्गत अधिकारियों ने गांव-गांव पहुंचकर भ्रमण किया, ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा शासकीय कार्यालयों एवं संस्थानों का निरीक्षण कर योजनाओं की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों द्वारा क्षेत्र की समस्याओं, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही कठिनाइयों और आवश्यक सुधारों की जानकारी प्राप्त की गई। उद्देश्य यह है कि जहां भी कमियां सामने आएं, उन्हें दूर कर क्षेत्र के समग्र विकास और आमजन को बेहतर शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जा सके।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने सरस्वती पूजन के साथ शिविर का शुभारंभ किया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी और लाभ हितग्राहियों और ग्रामीणों को दिए। शिविर में पंचायत, राजस्व कृषि, बिजली ,महिला बाल विकास, स्वास्थ्य ,शिक्षा सहकारिता आदि विभागों के स्टॉल लगाए गए।
यदि सरकार संवेदनशील नहीं होती तो कुम्हारी जैसे पिछड़े क्षेत्र में इतना बड़ा जनविश्वास शिविर आयोजित नहीं होता। खुशी है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर में पहुंचे और प्रशासनिक अधिकारियों ने संवेदनशीलता के साथ उनकी समस्याएं सुनीं। शिविर में शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इस आशय के विचार हटा विधायक उमादेवी खटीक ने हटा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुम्हारी में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत आयोजित शिविर में व्यक्त किये।
उन्होंने कहा इस क्षेत्र में प्रत्येक छह माह में एक जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ और समस्याओं के समाधान के लिए सुविधा मिल सके। उन्होंने प्रशासनिक अमले से क्षेत्र की परिस्थितियों पर विशेष ध्यान देने और योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की अपील की।
तालाबों और नहरों की मरम्मत जल्द कराएं
श्रीमति खटीक ने सिंचाई विभाग के कार्यों पर चर्चा करते हुए कहा शासन द्वारा पर्याप्त राशि उपलब्ध कराए जाने के बावजूद किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। कुम्हारी क्षेत्र के तालाबों का निरीक्षण कर उनकी नहरों की मरम्मत कराई जाए। उन्होंने बोरी बंधान और नहरों के मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। साथ ही कहा कि अधिकारी किसानों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए नहरों को शीघ्र दुरुस्त कराएं, ताकि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी मिल सके
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने मंच से जनता से सीधा संवाद किया और बिजली, पानी, शिक्षा, खाद वितरण, स्वास्थ्य सेवाओं, राजस्व के कार्यों आदि के विषय में योजनाओं की जानकारी ली और जनता से संवाद कर नब्ज़ टटोली। शिविर में मोजूद लोगो से कलेक्टर ने माइक थामकर सीधा संवाद किया और योजनाओ के क्रियान्वयन की जानकारी ली, ग्रामीणों द्वारा लापरवाही और गडबड़ी बताए जाने पर कलेक्टर ने मंच से ही अधिकारी, कर्मचारियों को कार्य सुधारने और लगातार निगरानी की हिदायत दी।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर आमजन को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ देने का प्रयास किया गया। आधार, ई-केवाईसी, समग्र आईडी, संबल योजना, आयुष्मान कार्ड तथा स्वास्थ्य परीक्षण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों से प्राप्त आवेदनों में जिनका निराकरण मौके पर संभव था, उनका तत्काल निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को निर्धारित समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए हैं। इनके निराकरण की नियमित समीक्षा और मॉनिटरिंग भी की जाएगी।
दूरस्थ ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए फिर लगेंगे शिविर
कलेक्टर ने कहा क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति एवं दूरस्थ गांवों के कारण कई बार ग्रामीणों को शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसे ध्यान में रखते हुए एसडीएम को निर्देशित किया गया है कि अगले दिन संबंधित ब्लॉक स्तरीय कार्यालयों के माध्यम से विशेष शिविर आयोजित किए जाएं। इनमें पेंशन से वंचित पात्र हितग्राहियों की पेंशन स्वीकृति, विभिन्न कार्ड बनवाने, फार्मर आईडी तैयार करने सहित अन्य समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
पात्र हितग्राहियों को मिलेगी स्वामित्व योजना की निशुल्क रजिस्ट्री
स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीणों को निशुल्क रजिस्ट्री उपलब्ध कराने का अभियान भी जारी रहेगा।
कलेक्टर ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे अगले दिन आयोजित होने वाले शिविर में पुनः पहुंचें और पेंशन, कार्ड, फार्मर आईडी एवं अन्य योजनाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आएं, ताकि उन्हें मौके पर ही शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके।
दिव्यांग महिला की फरियाद सुनने मंच से नीचे आये कलेक्टर, आत्मीयता के साथ सुनी बात
मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर में कुम्हारी क्षेत्र के घोघरा निवासी दिव्यांग महिला गिरिजाबाई ने अपनी समस्या से अवगत कराते हुए कलेक्टर को बताया कि उनका दिव्यांग प्रमाण पत्र न होने के कारण पेंशन और अन्य योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। जिस पर मंच से नीचे पहुंचकर आत्मीयता के साथ दिव्यांग महिला की बात सुनी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंगलवार को दिव्यांग महिला को घर से एम्बुलेंस द्वारा जिला अस्पताल दमोह में मेडिकल बोर्ड से परीक्षण कर कर प्रमाण पत्र जारी किया जाए और तत्काल ही पेंशन सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #damoh #CMMadhyaPradesh
Damoh, Madhya Pradesh | Oct 30, 2026