जालोर में पहले दिन 4 उम्मीदवारों ने भरा नामांकनः समर्थकों के साथ पहुंचे प्रत्याशी, कांग्रेस-बीजेपी की लिस्ट आने का इंतजार। जालोर नगर परिषद के 40 वार्डों के लिए नामांकन प्रक्रिया गुरुवार से शुरू हो गई। पहले दिन चार वार्डों से चार प्रत्याशियों ने 6 नामांकन पत्र दाखिल किए। प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ सहायक रिटर्निंग अधिकारी के समक्ष नामांकन प्रस्तुत करने पहुंचे। हालांकि भाजपा और कांग्रेस की ओर से अभी तक प्रत्याशियों की अधिकृत सूची जारी नहीं की गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. प्रदीप के. गवांडे ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जालोर नगर परिषद और आहोर व सायला नगर पालिका में पहले चरण में मतदान होगा, जबकि भीनमाल और सांचौर नगर पालिका में दूसरे चरण में मतदान कराया जाएगा। जालोर नगर परिषद के वार्ड पार्षद पद के लिए नामांकन जालोर एसडीएम के समक्ष लिए जा रहे हैं। नामांकन प्रक्रिया 27 से 31 अगस्त तक चलेगी। निर्धारित स्थानों पर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र स्वीकार किए जाएंगे। रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के कारण इन दिनों नामांकन नहीं होंगे। ऐसे में प्रत्याशियों को गुरुवार के बाद शनिवार और सोमवार को ही नामांकन दाखिल करने का मौका मिलेगा। पहले दिन वार्ड 39 से भगवानाराम पुत्र कस्तुराराम माली ने भाजपा और निर्दलीय के रूप में दो नामांकन दाखिल किए। वार्ड 38 से बसंती देवी ने भी भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में दो नामांकन प्रस्तुत किए। वहीं वार्ड 28 से महेन्द्र ने भाजपा और वार्ड 31 से अजय कुमार ने भाजपा प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया।
Jalor, Jalor | Aug 27, 2026