देवरिया: वैशाली एक्सप्रेस में 30.23 लाख रुपये के साथ युवक गिरफ्तार
कमीशन पर रकम पहुंचाने का दावा, दस्तावेज नहीं मिलने पर जीआरपी ने शुरू की जांच
#देवरिया। देवरिया से गोरखपुर जा रही वैशाली एक्सप्रेस में रविवार को चेकिंग के दौरान जीआरपी ने एक युवक को 30 लाख 23 हजार 200 रुपये नकद के साथ पकड़ा। युवक रकम से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ट्रेन संख्या 12565 वैशाली एक्सप्रेस में देवरिया सदर से गोरखपुर जंक्शन के बीच यात्रियों के सामान और अवैध नकदी के परिवहन को लेकर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान करीब साढ़े तीन बजे एक युवक संदिग्ध नजर आया। बैग की तलाशी लेने पर उसमें नोटों की गड्डियां मिलीं। गिनती करने पर कुल ₹30,23,200 बरामद हुए।
पूछताछ में युवक ने अपना नाम मुकेश शर्मा (21) निवासी बींदादेसर गांव, जिला चूरू, राजस्थान बताया। पुलिस के अनुसार युवक ने बताया कि वह अपने भाई के कहने पर रकम लेकर गोरखपुर जा रहा था, जहां उसे एक व्यक्ति को रुपये देने थे। उसका दावा था कि अलग-अलग पार्टियों तक रकम पहुंचाने के बदले उसे प्रति एक लाख रुपये पर 2,500 रुपये कमीशन मिलता था।
रकम के संबंध में दस्तावेज नहीं मिलने पर जीआरपी युवक और नकदी को देवरिया जीआरपी थाने ले आई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई और गोरखपुर में इसे किसे सौंपा जाना था।
देवरिया जीआरपी के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार पांडेय के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। इसकी सूचना आयकर विभाग की गोरखपुर यूनिट को भी दी गई है, जो रकम के स्रोत और इससे जुड़े लेनदेन की जांच कर रही है।
Deoria Post DVB TV News देवभूमि टाइम्स