बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में कन्या शिशु जन्मोत्सव आयोजित।
आज दिनांक 18 सितम्बर 2026 को महिला एवं बाल विकास निगम, समाज कल्याण विभाग, बिहार सरकार द्वारा संचालित मिशन शक्ति कार्यक्रम के घटक ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ योजना के अंतर्गत नवादा जिले के चार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों—हिसुआ, नारदीगंज, नरहट एवं मेसकौर—में कन्या शिशु जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य कन्या शिशु के जन्म को समाज में उत्सव एवं गौरव के रूप में स्थापित करना, बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करना तथा उनके जन्म को सम्मान एवं प्रोत्साहन देना है। इस अवसर पर अभिभावकों को बेटियों को बालकों के समान अवसर, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, अधिकार एवं स्नेह उपलब्ध कराने के लिए प्रेरित किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले के सभी 14 प्रखंडों के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में दिनांक 15 सितम्बर से 19 सितम्बर 2026 तक चरणबद्ध रूप से कन्या शिशु जन्मोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरान जन्म से 03 माह तक की कन्या शिशुओं के साथ जन्मोत्सव मनाया जा रहा है तथा उनके अभिभावकों को बालिका के उज्ज्वल भविष्य के लिए जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान नवजात कन्या शिशुओं को उपहार स्वरूप बेबी किट का वितरण प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, प्रखंड सामुदायिक प्रेरक एवं आशा कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में किया गया। साथ ही अभिभावकों को बालिकाओं के संपूर्ण स्वास्थ्य, समय पर टीकाकरण, पोषण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सुरक्षा के साथ-साथ विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर बालिकाओं के प्रति रूढ़िवादी एवं नकारात्मक सोच को दूर करने तथा लैंगिक समानता की भावना को मजबूत करने पर जोर दिया गया। आमजनों से कन्या भ्रूण हत्या एवं बालिकाओं के प्रति किसी भी प्रकार के भेदभाव का विरोध करने तथा बेटियों को शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता के समान अवसर उपलब्ध कराने की अपील की गई।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Sep 19, 2026