#बालाघाट
स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद का संदेश पहुंचा गांव-गांव
राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में रोशना में विविध जन-जागरूकता गतिविधियां, 295 लोग हुए लाभान्वित
आगामी 23 सितंबर 2026 को मनाए जाने वाले 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के उपलक्ष्य में आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रोशना द्वारा “Ayurveda for a Healthier Tomorrow – स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” थीम के अंतर्गत 15 सितंबर से विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति, स्वस्थ जीवनशैली और औषधीय पौधों के महत्व के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
ग्राम पंचायत एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से विभिन्न ग्रामों में प्रतिदिन अलग-अलग गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें स्वास्थ्य शिविर, पोषण शिविर, वृद्धजन स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर, वृक्षारोपण, औषधीय पौधों का वितरण, औषधीय पौधों के गुणों की जानकारी, आयुर्वेद संवाद तथा विभिन्न जन-जागरूकता गतिविधियां प्रमुख रूप से शामिल हैं।
औषधीय पौधों के उपयोग की दी जानकारी
अभियान के दौरान ग्रामीणों को विभिन्न औषधीय पौधों के महत्व एवं उनके उपयोग के बारे में जानकारी दी जा रही है। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, संतुलित पोषण लेने तथा सामान्य रोगों से बचाव के लिए आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श भी प्रदान किया जा रहा है। वृद्धजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेष स्वास्थ्य एवं जागरूकता शिविर भी आयोजित किए गए। इन गतिविधियों का आयोजन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, रोशना की आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी डॉ. वैशाली वाकड़े एवं समस्त स्टाफ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के आंगनवाड़ी केंद्र रोशना की कार्यकर्ता श्रीमती मंजू खोबरागड़े के सहयोग एवं समन्वय से किया जा रहा है।
295 लोग हुए लाभान्वित
15 सितंबर 2026 से अब तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों में कुल 295 हितग्राही एवं आमजन लाभान्वित हो चुके हैं। स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी जानकारी के साथ ग्रामीणों को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में आयुर्वेद के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना तथा औषधीय पौधों एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के महत्व की जानकारी आमजन तक पहुंचाना है। “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” के संदेश के साथ संचालित यह अभियान 23 सितंबर को राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के आयोजन तक विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से जारी रहेगा।
#ayush_mp
#CMMadhyaPradesh #AyurvedaDay #JansamparkMP