मखदूमपुर गांव में ग्रामसभा की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे को लेकर फिर गरमाया मामला,प्रशासन के लगाए लाल झंडे विपक्ष पर उखाड़ने का आरोप एसडीएम की कार्रवाई के बावजूद नहीं थमा विवाद,
रायबरेली। सदर तहसील क्षेत्र के अमावां ब्लॉक अंतर्गत ग्राम मखदूमपुर में ग्राम समाज की बेशकीमती सरकारी जमीन पर कथित अवैध कब्जे को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। दीपावली की छुट्टियों के दौरान गाटा संख्या 292 और 269 की जमीन पर गांव के ही कोमल, राहुल, रूपेन्द्र आदि द्वारा ट्रैक्टर से जुताई किए जाने का मामला सामने आया था। शिकायतकर्ता हेमेंद्र प्रताप सिंह की शिकायत पर गुरुवार को एसडीएम सदर गौतम सिंह ने तत्काल संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग की टीम मौके पर भेजी थी। टीम ने जमीन पर लाल झंडियां लगवाकर सरकारी भूमि को चिह्नित कराया था।
लेकिन तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई के अगले ही दिन मामला फिर गरमा गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा मौके पर लगवाई गई लाल झंडियों को विपक्षी पक्ष के लोगों ने उखाड़कर फेंक दिया। इससे सरकारी कार्रवाई को चुनौती दिए जाने की चर्चा गांव में फैल गई और दोनों पक्षों के बीच तनाव की स्थिति बनी हुई है।
शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 को दोपहर करीब एक बजे शिकायतकर्ता हेमेंद्र प्रताप सिंह एक बार फिर मामले की जानकारी देने एसडीएम कार्यालय पहुंचे। उन्होंने प्रशासन को बताया कि सरकारी जमीन को चिह्नित करने के लिए लगाई गई लाल झंडियों को कथित तौर पर उखाड़ दिया गया है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब तहसील प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि को चिह्नित किया था, तो उसके बाद भी इस तरह की घटना कैसे हो गई?
बताया जा रहा है कि संबंधित जमीन काफी कीमती है और इसी को लेकर उस पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी जमीन पर प्रशासन की कार्रवाई के बाद भी चिह्नों को उखाड़कर फेंका जा रहा है तो यह कानून व्यवस्था के लिए भी गंभीर मामला है।
अब देखना यह होगा कि एसडीएम सदर गौतम सिंह इस ताजा शिकायत पर क्या कदम उठाते हैं और सरकारी जमीन पर दोबारा कब्जे की कोशिश तथा लाल झंडियां उखाड़ने के आरोपों की जांच कर दोषियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है। फिलहाल गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है और ग्रामीणों की निगाहें तहसील प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।