गौरा की बेटी वृषा सिंह ने रोशन किया परिवार और क्षेत्र का नाम
मिलिट्री नर्सिंग कोर्स में चयन, परिवार की तीसरी पीढ़ी निभाएगी देश सेवा की परंपरा
प्रतापगढ़। गौरा विकासखंड के ग्राम सभा गौरा पूरे बदल निवासी एवं सेना से सेवानिवृत्त अधिकारी बृजेश सिंह की सुपुत्री तथा सेवानिवृत्त नलकूप विभाग अधिकारी शिवसागर सिंह की नातिन वृषा सिंह ने मिलिट्री नर्सिंग कोर्स में चयन हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
इलाहाबाद में रहकर कड़ी मेहनत और लगन से पढ़ाई करने वाली वृषा सिंह ने अपनी प्रतिभा के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। उनके चयन से परिजनों के साथ-साथ क्षेत्रवासियों में भी खुशी का माहौल है।
वृषा सिंह अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं, जो देश सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने जा रही हैं। उनकी इस उपलब्धि को लेकर परिवार के लोगों ने कहा कि वृषा ने अपनी मेहनत और समर्पण से न केवल परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
वृषा सिंह की सफलता पर परिजनों, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है।