बाबूपट्टी पहुंचे डीएम अभिषेक पाण्डेय, हरिवंश राय बच्चन पुस्तकालय का किया निरीक्षण
प्रतापगढ़। जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय बुधवार शाम सदी के महानायक अमिताभ बच्चन के पैतृक गांव बाबूपट्टी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने साहित्यकार एवं प्रसिद्ध कवि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की स्मृति में बने पुस्तकालय का निरीक्षण किया।
डीएम ने ग्राम प्रधान विकास यादव से बातचीत कर गांव के विकास के लिए आवश्यक कार्यों का खाका तैयार करने की बात कही। उनके साथ एसडीएम अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।
बताया जाता है कि डॉ. हरिवंश राय बच्चन की यादों को सहेजने के उद्देश्य से वर्ष 2006 में जया बच्चन ने इस पुस्तकालय का लोकार्पण किया था। हालांकि, लंबे समय से पुस्तकालय की व्यवस्था और संचालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं तथा इसे व्यवस्थित कर शुरू कराने की मांग होती रही है।
हाल ही में टीवी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में बाबूपट्टी का जिक्र होने के बाद गांव एक बार फिर चर्चा में आया। कार्यक्रम के दौरान अमिताभ बच्चन ने पुस्तकालय शुरू न हो पाने पर माफी मांगते हुए इसे जल्द शुरू कराने का वादा किया था।
डीएम के गांव पहुंचने के बाद ग्रामीणों में उम्मीद जगी है कि बाबूपट्टी की सड़क, पुस्तकालय, मूलभूत सुविधाओं और विकास से जुड़ी अन्य समस्याओं पर भी प्रशासन का ध्यान जाएगा।