फर्जी ट्रैप के डर में कैसे करें निष्पक्ष काम?' लेखपालों का सरकार से सवाल
शाहजहांपुर। अयोध्या के सोहावल तहसील में लेखपाल के खिलाफ हुई कार्रवाई के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर प्रदेशभर में लेखपाल हड़ताल पर रहे। शाहजहांपुर की सदर तहसील में भी जिले भर के लेखपालों ने धरना-प्रदर्शन कर नारेबाजी की और सोहावल प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
लेखपालों का कहना है कि भ्रष्टाचार करने वाले कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन निजी रंजिश, झूठी शिकायत या दुर्भावनापूर्ण ट्रैप के जरिए किसी निर्दोष कर्मचारी को फंसाया जाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लेखपालों ने कहा कि राजस्व मामलों में अक्सर दो पक्ष होते हैं। नियम के अनुसार किसी एक पक्ष के पक्ष में कार्रवाई होने पर दूसरा पक्ष नाराज होकर शिकायत या कर्मचारी को फंसाने का प्रयास कर सकता है। ऐसे माहौल में यदि हर समय फर्जी ट्रैप का डर बना रहेगा तो लेखपाल निष्पक्ष होकर काम कैसे करेंगे?
संघ ने मुख्यमंत्री से सोहावल प्रकरण की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच, शिकायत की सत्यता और शिकायतकर्ता की पृष्ठभूमि की जांच के बाद ही ट्रैप कार्रवाई करने तथा भ्रष्टाचार निवारण संगठन और विजिलेंस टीम के लिए स्पष्ट SOP जारी करने की मांग की।
लेखपालों ने चेतावनी दी कि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
Hardoi, Hardoi | Aug 23, 2026