गन्ने की सूखी पत्तियां एवं फसल अवशेष खेतों में नहीं जलाएं किसान : जिला कृषि पदाधिकारी।
जिला कृषि पदाधिकारी ने गन्ना किसानों से किया सीधा संवाद।
फसल अवशेष प्रबंधन एवं मृदा स्वास्थ्य संरक्षण के प्रति किसानों को किया जागरूक।
जिले में गन्ना पेराई का कार्य प्रारंभ होने के साथ ही कृषि विभाग द्वारा किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज जिला कृषि पदाधिकारी, पश्चिम चम्पारण ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान गन्ना किसानों से मुलाकात कर उन्हें गन्ने की सूखी पत्तियों एवं अन्य फसल अवशेषों को खेतों में नहीं जलाने की अपील की।
इस दौरान जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों को बताया कि खेतों में गन्ने की सूखी पत्तियां, पराली एवं अन्य फसल अवशेष जलाने से मिट्टी में मौजूद लाभकारी सूक्ष्म जीवों को नुकसान पहुंचता है तथा मृदा की उर्वरता एवं गुणवत्ता प्रभावित होती है। इसके अतिरिक्त फसल अवशेषों को जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है और पर्यावरण पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने किसानों को फसल अवशेषों को जलाने के बजाय उनका खेत में ही उचित प्रबंधन करने तथा जैविक पदार्थों के रूप में उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, मिट्टी की गुणवत्ता एवं उत्पादकता बनाए रखने के लिए उर्वरकों का संतुलित एवं अनुशंसित मात्रा में प्रयोग करने और मृदा स्वास्थ्य में सुधार लाने वाले उपायों को अपनाने के प्रति भी प्रेरित किया।
जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेषों को जलाने की परंपरा छोड़कर वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल कृषि पद्धतियों को अपनाएं। इससे न केवल मिट्टी की उर्वरता बनी रहेगी, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ कृषि उत्पादन को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
#samratchoudhary
#cmsamrat
Samrat Choudhary
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Department of Agriculture, Government of Bihar
Ministry of Agriculture & Farmer’s Welfare, Government of India