युवा महोत्सव-लोक सेवा विद्यार्थी समागम में युवाओं से कैरियर एवं राष्ट्र निर्माण पर संवाद
महानगर युवा आयाम की ओर से सूचना केंद्र में आयोजित हुआ कार्यक्रम
@followers @top fans News 24 Udaipur District Collector & Magistrate - Udaipur
#udaipur #viralpost #nonfollowers
उदयपुर, 19 अगस्त। महानगर युवा आयाम की ओर से “युवा महोत्सव-लोक सेवा विद्यार्थी समागम” कार्यक्रम का आयोजन सूचना केंद्र, उदयपुर में किया गया। कार्यक्रम में युवाओं से कैरियर, व्यक्तित्व विकास, संस्कार, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े विभिन्न विषयों पर संवाद किया गया।
कार्यक्रम में काउंसलर एवं शिक्षक चंद्र प्रकाश ने भारतीय पुरातन वैज्ञानिक परंपरा और वर्तमान पश्चिमी वैज्ञानिक परंपरा के मूलभूत अंतर को रेखांकित करते हुए युवाओं को भारतीय ज्ञान परंपरा की विशेषताओं से अवगत कराया। उन्होंने धर्म और पंथ के बीच के अंतर को भी स्पष्ट करते हुए कहा कि भारतीय दृष्टिकोण व्यापक मानवीय मूल्यों और समरसता पर आधारित है।
चंद्र प्रकाश ने पंच परिवर्तन का आह्वान करते हुए भावी पीढ़ी में संस्कार, सामाजिक समरसता और राष्ट्र प्रेम को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है और इसके लिए व्यक्तिगत आचरण से लेकर सामाजिक व्यवहार तक सकारात्मक बदलाव आवश्यक हैं।
उन्होंने नागरिक शिष्टाचार को भी दैनिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने व्यवहार में विनम्रता, अनुशासन, स्वच्छता और जिम्मेदारी का परिचय देना चाहिए। छोटे-छोटे शिष्टाचारपूर्ण व्यवहार समाज में सकारात्मक वातावरण का निर्माण करते हैं।
इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन के अमय आत्मा कृष्ण दास ने युवाओं को सत्व, रज एवं तम गुणों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने उदाहरणों के माध्यम से समझाया कि व्यक्ति अपने व्यवहार एवं जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन करते हुए तमस से रज और रज से सत्व गुण की ओर कैसे आगे बढ़ सकता है। उन्होंने युवाओं से आत्मअनुशासन, सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ जीवन मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में युवाओं ने कैरियर एवं जीवन से जुड़े विषयों पर संवाद किया और वक्ताओं से मार्गदर्शन प्राप्त किया।
इस अवसर पर सूचना केंद्र के उपनिदेशक गौरीकांत शर्मा ने कहा कि युवाओं को कैरियर की सही दिशा और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि युवा देश की शक्ति हैं और उनके व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ उनमें सामाजिक एवं राष्ट्रीय दायित्व की भावना विकसित करना भी आवश्यक है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।