आमस के आयुष ने दूसरी बार में NEET में मारी बाजी, 620 अंक के साथ 5176वीं रैंक
गयाजी जिले के आमस प्रखंड अंतर्गत रामपुर पंचायत के ढिबरा गांव के लाल आयुष प्रकाश लकी ने NEET UG 2026 में शानदार सफलता हासिल कर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजस्थान के कोटा में रहकर तैयारी करने वाले आयुष ने दूसरी बार में ही सफलता का परचम लहराया।
NTA द्वारा जारी परिणाम के अनुसार आयुष ने 720 में से 620 अंक प्राप्त कर 99.74 प्रतिशताइल स्कोर किया। अखिल भारतीय रैंक 5176 और OBC-NCL वर्ग रैंक 2129 रही।
विषयवार प्रदर्शन की बात करें तो आयुष ने भौतिकी में 99.90 प्रतिशताइल, रसायन में 98.77 प्रतिशताइल और जीव विज्ञान में 96.60 प्रतिशताइल हासिल किया।
आयुष ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा गया के ज्ञान भारती वर्ल्ड क्लास स्कूल से मैट्रिक और नेशनल हेरिटेज पब्लिक स्कूल, गया से इंटरमीडिएट की है।
आयुष के पिता सुनील कुमार मेहता गया के डुमरिया में SBI की CSP शाखा चलाते हैं। माता कुमारी संगीता प्रसाद फकीरा मध्य विद्यालय खरखुरा, गया में शिक्षिका हैं। माता-पिता दोनों शिक्षा और सेवा से जुड़े होने के कारण आयुष को बचपन से ही पढ़ाई का अच्छा माहौल मिला।
बेटे की सफलता से पूरे परिवार, विद्यालय और गांव में खुशी की लहर है। आयुष की सफलता पर प्रखंड प्रमुख लड्डन खां, सांसद प्रतिनिधि शैलेश मिश्रा, पंचायत के मुखिया अनुराग रंजन उर्फ डब्लू पासवान, सरपंच कौलेशर राम, उपमुखिया ब्रजेश कुमार, पूर्व मुखिया बीरेन्द्र यादव,पैक्स अध्यक्ष प्रतिनिधि रविंद्र यादव,समाजसेवी संजय चौधरी, रौशन कुमार गुप्ता, राजेश प्रकाश, शमसेर सिंह, सहेन्द्र शर्मा डॉक्टर जितेंद्र कुमार समेत अन्य लोगों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
आयुष ने कहा, कोटा में की गई मेहनत और माता-पिता के सहयोग से यह मुकाम मिला है। आगे डॉक्टर बनकर गरीबों की सेवा करना मेरा सपना है।
`#NEET2026 #NEETResult #GayaNews #Amas #BiharTopper #KotaCoaching #MedicalStudent #BiharNews #SuccessStory #UmangeshwariNews