#भरतपुर। जिले के विभिन्न विद्यालयों में मंगलवार को 'ट्रांसफॉर्मेटिव ट्यूजडेज' अभियान के तहत विधिक जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष बलजीत सिंह के निर्देशन में आयोजित इन शिविरों में विद्यार्थियों को 'ड्रग्स को ना कहें, अपने सपनों को हाँ कहें' का संदेश देकर नशे के दुष्परिणामों के प्रति सचेत किया गया। इसी क्रम में प्राधिकरण के सचिव नवीन कुमार किलानियाँ ने महारानी आदित्येन्द्र उच्च माध्यमिक विद्यालय में शिविर लेकर बच्चों को शारीरिक-मानसिक हानियों के साथ-साथ पोक्सो एक्ट, एंटी-रैगिंग कानून, बाल विवाह, यातायात नियमों और डिजिटल सतर्कता की जानकारी दी। सचिव ने बताया कि आगामी 21 जुलाई को भी जिले के अन्य स्कूलों में इस अभियान के तहत शिविर आयोजित किए जाएंगे ताकि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर जागरूक नागरिक बन सके।