#महिला_सुरक्षा_संकल्प_अभियान..
भरतपुर। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना के निर्देशन में जिले भर में 1 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक 'महिला सुरक्षा संकल्प अभियान' चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कम्युनिटी पुलिसिंग, जयपुर) सुनीता मीणा के नेतृत्व में भरतपुर में व्यापक स्तर पर विभिन्न सुरक्षा और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। अभियान के तहत रिजर्व पुलिस लाइन में एक विशेष शिविर आयोजित कर 'कालिका पेट्रोलिंग यूनिट' और जिला पुलिस की महिला जवानों को आत्मरक्षा के प्रभावी गुर सिखाए गए। इसके बाद जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय में महिला सुरक्षा संवाद कार्यशाला का आयोजन हुआ, जिसमें महिला पुलिसकर्मियों के साथ महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव, महिला हेल्पलाइन और कानूनी अधिकारों पर विस्तृत चर्चा की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता मीणा ने महिलाओं से निर्भीक होकर सजग रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। इसके साथ ही कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक और पर्यटन स्थलों जैसे शास्त्री पार्क, केवलादेव बर्ड सेंचुरी और किला परिसर में महिलाओं व छात्राओं से सीधा संवाद किया। पुलिस टीम ने उन्हें घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति जागरूक करते हुए पुलिस हेल्पलाइन नंबरों (112, 1091, 1930) की जानकारी दी और मोबाइल में 'राजकॉप सिटीजन ऐप' भी डाउनलोड कराया।