मुरैना ब्रेकिंग-
मुरैना में सिकरौदा की नहर के पास नेशनल हाईवे-44 पर शनिवार को एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे दुकानों के सामने जा घुसा। हादसे में ट्रक ने दुकानों के बाहर लगे तीन शेड क्षतिग्रस्त कर दिए और वहां खड़ी 8 से 10 मोटरसाइकिलों को रौंद डाला।
जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक RJ11 GC 3821 जूते लेकर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में बताया जा रहा है कि चालक को झपकी आने के कारण ट्रक अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
घटना के समय दुकानों के बाहर बैठे लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई। हादसे में एक व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कई बाइक और दुकानों के शेड क्षतिग्रस्त हुए हैं।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। गनीमत रही कि समय रहते लोग सुरक्षित स्थान पर हट गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।