सखी वार्ता' में महिलाओं को अधिकारों व बाल विवाह के प्रति किया गया जागरूक
लखीसराय। महिला एवं बाल विकास निगम लखीसराय के तत्वावधान में तथा महिला सशक्तिकरण केंद्र के सहयोग से नगर परिषद क्षेत्र के पासवान टोला, मकुना में 'सखी वार्ता' कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को कानूनी अधिकारों, सरकारी योजनाओं, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, बाल विवाह के दुष्परिणाम एवं नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
जिला मिशन समन्वयक प्रशांत कुमार ने मिशन शक्ति के तहत संचालित वन स्टॉप सेंटर, 181 महिला हेल्पलाइन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं महिला सशक्तिकरण केंद्र की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ अमित कुमार ने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण एवं स्वरोजगार पर प्रकाश डाला।कार्यक्रम के अंत में लैंगिक विशेषज्ञ नवीन कुमार ने उपस्थित महिलाओं को बाल विवाह न करने और न होने देने तथा नशामुक्त समाज बनाने की सामूहिक शपथ दिलाई। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी सेविका पूनम कुमारी, नीलू कुमारी, सहायिका गायत्री देवी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं मौजूद रहीं।
Lakhisarai, Lakhisarai | Jul 1, 2026