विद्यालयों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने पर जोर, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मिलेगा विशेष प्रोत्साहन
लखीसराय। जिला पदाधिकारी शैलेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को विद्यालयों में खेल संस्कृति को सुदृढ़ बनाने, छात्र-छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी शारीरिक शिक्षा शिक्षक, जिला खेल पदाधिकारी मुकुल पंकज मणि एवं जिला शिक्षा पदाधिकारी यदुवंश राम मौजूद रहे।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने सभी विद्यालयों में खेल गतिविधियों का नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में शारीरिक शिक्षा शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे खेलों में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं की पहचान कर नियमित प्रशिक्षण दें तथा खेल सामग्री का समुचित उपयोग सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय स्तर पर नियमित अभ्यास, अंतर-विद्यालय प्रतियोगिताओं में भागीदारी और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को जिला एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने की कार्ययोजना बनाने को कहा गया।डीएम ने प्रत्येक विद्यालय में खेल गतिविधियों का वार्षिक कैलेंडर तैयार करने, समय-समय पर प्रतियोगिताओं का आयोजन कराने तथा अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संसाधनों या मार्गदर्शन के अभाव में किसी भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी का भविष्य प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा और जिला प्रशासन हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराएगा। बैठक में खेल अधोसंरचना के बेहतर उपयोग, नियमित अभ्यास व्यवस्था, खिलाड़ियों के कौशल विकास तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करने सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ खेल गतिविधियों को नई गति देने और जिले को खेल के क्षेत्र में अग्रणी बनाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।