बलिया के रसड़ा थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव में जमीनी विवाद को लेकर हुए खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से घायल पूर्व फौजी हृदय नारायण सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। उनके निधन से गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, जमीन के सीमांकन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि पैमाइश होने के बावजूद लेखपाल और कानूनगो ने समय पर अपनी रिपोर्ट नहीं दी। उनका कहना है कि हृदय नारायण सिंह को करीब एक सप्ताह तक रिपोर्ट के लिए राजस्व विभाग के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन समाधान नहीं निकल सका। इसी बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया।
संघर्ष में गंभीर रूप से घायल हृदय नारायण सिंह को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति को नियंत्रित किया।
पुलिस ने मामले में आरोपी पक्ष के दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, परिजनों ने राजस्व विभाग के लेखपाल और कानूनगो पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इस घटना के बाद एक बार फिर जमीनी विवादों के समयबद्ध निस्तारण और राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। #Balliakhabar #Crime #CrimeNews