खलोग गांव पर मंडराया आपदा का खतरा, जिला परिषद सदस्य ने उपायुक्त से मांगी तत्काल राहत
हिम दृष्टि न्यूज़ | ए डी हिमाचली ब्यूरो, चंबा
चंबा, 18 जुलाई 2026।
जिला चंबा की ग्राम पंचायत चरोड़ी के अंतर्गत आने वाले खलोग गांव में मानसून के दौरान संभावित आपदा का खतरा बढ़ गया है। बरसात का पानी सीधे रिहायशी मकानों की ओर जाने से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला परिषद सदस्य रजनी देवी ने उपायुक्त चंबा को प्रार्थना पत्र सौंपकर आपदा राहत कोष से तत्काल सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि 16 जुलाई को स्थानीय ग्रामीणों ने खलोग गांव में संभावित आपदा की सूचना दी थी। ग्रामीणों के अनुसार, बारिश का पानी सीधे घरों में प्रवेश करता है और इस वर्ष भारी वर्षा की संभावना के चलते स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है।
जिला परिषद सदस्य रजनी देवी ने बताया कि उन्होंने लगातार दो दिनों तक क्षेत्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग के एसडीओ और जेई भी मौके पर मौजूद रहे। अधिकारियों के साथ स्थिति का जायजा लेने के बाद यह सामने आया कि सड़क अत्यंत संकरी होने के कारण वहां स्थायी जल निकासी नाली (ड्रेन) का निर्माण फिलहाल संभव नहीं है। वहीं पंचायत स्तर पर ड्रेन निर्माण की प्रक्रिया में समय लग सकता है, जबकि मानसून के बीच तत्काल राहत व्यवस्था करना आवश्यक है।
उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि ग्रामीणों के घरों और जान-माल की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आपदा राहत कोष से आवश्यक पाइप उपलब्ध करवाए जाएं अथवा पाइप खरीदने के लिए धनराशि जारी की जाए, ताकि वर्षा के पानी की निकासी की अस्थायी व्यवस्था शीघ्र की जा सके और संभावित नुकसान को रोका जा सके।
ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि समय रहते प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि लगातार हो रही बारिश के दौरान किसी भी प्रकार की जन-धन की हानि से बचा जा सके।
Chamba, Chamba | Jul 18, 2026