अखिल भारतीय खटीक समाज धर्मशाला में निशुल्क नेत्र जांच शिविर आयोजित,15 मरीज मोतियाबिंद ऑपरेशन के लिए चयनित
हिंडौन पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष स्वर्गीय मनीराम राजौरा की पुण्यतिथि के उपलक्ष्य में गुरुवार को अखिल भारतीय खटीक समाज धर्मशाला में निशुल्क नेत्र जांच एवं मोतियाबिंद ऑपरेशन शिविर का आयोजन श्रद्धा और सेवा भाव के साथ किया गया। शिविर में स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस शिविर के दौरान कुल 75 लोगों ने अपनी आंखों की जांच के लिए पंजीयन कराया। नेत्र विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने सभी मरीजों की आंखों का बारीकी से परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक डॉक्टरी सलाह व दवाइयां दीं। जांच के दौरान 15 मरीजों की आंखों में मोतियाबिंद की शिकायत पाई गई, जिन्हें ऑपरेशन के लिए चिन्हित किया गया है। शिविर प्रबंधकों ने बताया कि मोतियाबिंद योग्य पाए गए सभी 15 मरीजों के ऑपरेशन शुक्रवार को गणेश रिसोर्ट के पास धर्म कांटा के पीछे,ऊंचे का पुरा स्थित केडी आई हॉस्पिटल में विशेषज्ञ सर्जनों द्वारा निशुल्क किए जाएंगे।