शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव हेतु भयग्रस्त परिवारों की पहचान कर करें सुधारात्मक कार्रवाई, जोनल मजिस्ट्रेट को दिए निर्देश
धौलपुर, 11 नवम्बर। पंचायती राज आम चुनाव के चतुर्थ चरण में बसेड़ी, राजाखेड़ा और सरमथुरा पंचायत समिति में नियुक्त जोनल मजिस्ट्रेट को अंतिम प्रशिक्षण देने के पश्चात उप जिला निर्वाचन अधिकारी हरिराम मीणा ने क्षेत्र भ्रमण के लिए कलेक्ट्रेट से रवाना किया। रवाना करते समय एडीईओ ने उपस्थित जोनल मजिस्ट्रेट को आदर्श आचार संहिता की पालना कराने हेतु प्रत्याशियों द्वारा आयोजित मीटिंग, रैली की कवरेज करने, राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित खर्च सीमा को ध्यान में रखते हुए स्वीकृत वाहनों की संख्या, पोस्टर, पैंफलेट आदि सामग्री के वितरण पर क्षेत्र में नजर रखने को कहा। उन्होंने प्रत्येक मतदान केंद्र पर पहुंचकर वहां मतदाता की सुविधा के लिए आवश्यक सुविधाओं में पेयजल, टॉयलेट, छायादार स्थान, विद्युत, रैंप के साथ मतदान केंद्र तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने और मतदान केंद्र से 200 मीटर तक किसी भी प्रत्याशी का कार्यालय, होर्डिंग, प्रचार सामग्री आदि नहीं होने की जांच करने की बात कही।
प्रशिक्षण के दौरान जोनल मजिस्ट्रेट को ईवीएम संचालन के साथ उसमें आने वाली संभावित त्रुटियों को देखकर दूर करने एवं ईवीएम बदलने की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई। ईवीएम के मॉक पोल एवं वास्तविक मतदान के समय बदले जाने पर रखी जाने वाली सावधानियों पर चर्चा करते हुए मतदान प्रक्रिया में प्रयुक्त जिला परिषद सदस्य और पंचायत समिति सदस्य के लिए उपयोग में ली जाने वाली ईवीएम की पहचान एवं सीलिंग प्रक्रिया को समझाया गया।
एडीईओ ने मतदान पूर्व के उत्तरदायित्व में भयग्रस्तता की पहचान कर सुधारात्मक कार्यवाही की योजना बनाने एवं उस पर कार्यवाही करने तथा मतदान दिवस पर उन मतदाताओं द्वारा मतदान करने के विशेष प्रयास करने की बात कही। मतदान दिवस पर मतदान अधिकारियों द्वारा डायरी समुचित रूप से भरने, ईवीएम सीलिंग, मतपत्र लेखा वितरण, मतदाता रजिस्टर का समुचित संधारण एवं मतदान के पश्चात प्रपत्रों के साथ ईवीएम को जमा कराने की माॅनीटरिंग के निर्देश जोनल मजिस्ट्रेट को दिए। उन्होंने राजस्थान पंचायत राज अधिनियम 1994 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 की चुनाव से संबंधित विभिन्न धाराओं और अपराध के लिए मौके पर की जाने वाली कार्यवाही पर भी चर्चा की। जोनल मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण में चुनाव शाखा से नरेश परमार, होतम सिंह के साथ डीएलएमटी उपस्थित रहे।