चित्रगुप्त भगवान की सामूहिक पूजा एवं कथा आयोजित, प्रतिभाओं और वयोवृद्धों का किया सम्मान
धौलपुर। चित्रगुप्त समिति धौलपुर के तत्वावधान में बुधवार को लोंगपुर पहाड़, मचकुंड स्थित परिसर में चित्रगुप्त भगवान की सामूहिक पूजा, कथा एवं कलम-दवात पूजन के साथ आमसभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के वयोवृद्ध सदस्यों, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले चित्रांशों को सम्मानित किया गया।
समिति अध्यक्ष देवेंद्र कुमार कुलश्रेष्ठ ने समाजबंधुओं से सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। वहीं डॉ. बीके कुलश्रेष्ठ ने समाज की एकता बनाए रखने पर जोर दिया। अखिल भारतीय चित्रांश वंशज महासभा के प्रदेश अध्यक्ष दयाकांत सक्सेना ने श्री चित्रगुप्त भगवान की कथा का वाचन किया।
इस दौरान 90 वर्षीय मिथिलेश सक्सेना सहित बाबूलाल कुलश्रेष्ठ, चंद्रकांत सक्सेना, जगदीश सक्सेना, ओमप्रकाश श्रीवास्तव, नत्थीलाल कुलश्रेष्ठ एवं महावीर कुलश्रेष्ठ को वयोवृद्ध सम्मान प्रदान किया गया। प्रतिभाशाली विद्यार्थियों में उत्कर्ष सक्सेना, वर्षिता कुलश्रेष्ठ, युवराज कान्त सक्सेना, डॉ. आदित्य श्रीवास्तव एवं डॉ. सुधीर कुमार कुलश्रेष्ठ को सम्मानित किया गया।