उरई के युवक की हत्या का सनसनीखेज खुलासा, पिता ने ही 3 लाख की सुपारी देकर कराई बेटे की हत्या; 4 गिरफ्तार
जालौन/भिण्ड। नशे की लत और घरेलू विवाद से परेशान एक पिता ने रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने ही 26 वर्षीय बेटे की हत्या की साजिश रच डाली। पिता ने तीन लाख रुपये की सुपारी देकर तीन लोगों से बेटे की हत्या करवा दी। मध्य प्रदेश के भिण्ड में बोरी में बंद मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी पिता समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मृतक रईस उर्फ शानू खान उरई के शिवपुरी मोहल्ले का निवासी था। उसे नशे की लत थी और इसी बात को लेकर घर में आए दिन विवाद और मारपीट होती थी। बताया गया कि उसका कई बार नशामुक्ति केंद्र में इलाज भी कराया गया, लेकिन आदत नहीं छूटी। इसी से परेशान होकर पिता ने हत्या की साजिश रची।
आरोप है कि ग्वालियर निवासी पिता रशीद खान ने उरई के मोहम्मद इजराइल खान, मुन्ना खान और गुड्डू खान को तीन लाख रुपये में बेटे की हत्या की सुपारी दी थी। 26 अक्टूबर को आरोपी ग्वालियर के नशामुक्ति केंद्र से रईस को अपने साथ लेकर निकले और रास्ते में गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को बोरी में बंद कर मानपुरा के पास फेंक दिया। शव को जल्दी गलाने के इरादे से उस पर नमक भी डाला गया था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के तीन स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। संदिग्ध वाहनों की जांच और पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले। इसके बाद आरोपियों की पहचान कर पुलिस ने पिता समेत चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस सनसनीखेज वारदात के खुलासे के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
#jalaunnews #bhind #mppolice #orai #murder
Orai, Jalaun | Nov 4, 2026