आतिशबाजी स्थलों का निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था के दिए निर्देश
हरदोई। जिलाधिकारी राहुल पाण्डेय के निर्देश पर उपजिलाधिकारी सदर गुलाब चन्द्र ने पुलिस क्षेत्राधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ जिले में चिन्हित आतिशबाजी स्थलों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने रामलीला मैदान बावन और दयानंद डिग्री कॉलेज मैदान सुरसा का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं देखीं।
इसके अलावा राजकीय इंटर कॉलेज टड़ियावां और नखासा बाजार बघौली में संबंधित थाना प्रभारियों को जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।
तहसील सदर नगर क्षेत्र में नगर मजिस्ट्रेट संजय कुमार एवं सीओ सिटी द्वारा सीएसएन पीजी कॉलेज मैदान और आईटीआई मैदान को आतिशबाजी बिक्री के लिए चिन्हित किया जा रहा है। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में बावन, सुरसा, टड़ियावां और बघौली के स्थल चिन्हित किए गए हैं। प्रशासन, पुलिस और अग्निशमन विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
Hardoi, Hardoi | Oct 29, 2026