दिल्ली के पटपड़गंज तहसील में रिश्वत मांगने और वकीलों से मारपीट का गंभीर मामला
पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज तहसील कार्यालय में भ्रष्टाचार और वकीलों के साथ अभद्रता का एक गंभीर मामला सामने आया है। यहां अधिवक्ता अभय वोहरा से कथित तौर पर 10,000 रुपये की रिश्वत मांगने और इसका विरोध करने पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, घटना का वीडियो बनाने की कोशिश के दौरान उनका मोबाइल फोन भी छीन लिया गया।
हस्तक्षेप करने पहुंचे दूसरे वकील के साथ भी दुर्व्यवहार
मामले की जानकारी मिलने पर जब अधिवक्ता रवि भार्गव बीच-बचाव और मामले की सच्चाई जानने के लिए पहुंचे, तो आरोप है कि तहसीलदार मनोज कुमार सिंह और उनके सहयोगियों ने उनके साथ भी गाली-गलौज, मारपीट और जबरन रोकने की घटना को अंजाम दिया।
वकीलों में रोष, तहसील कार्यालय में जताया विरोध
इस घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में अन्य वकील भी मौके पर पहुंच गए और तहसील कार्यालय में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने तहसील प्रशासन के खिलाफ जमकर नाराजगी जताई और सुरक्षा व न्याय की मांग की।
निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग
वकीलों और स्थानीय लोगों ने दिल्ली प्रशासन तथा संबंधित विजिलेंस विभाग से मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए। आरोप सही पाए जाने पर दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सरकारी कार्यालयों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।
Hardoi, Hardoi | Oct 29, 2026