राई के 3 लाख 51 हजार दानों से बना #अशोकअरोरा का चेहरा, नीमच के धीरज अहीर ने रचा अनोखा कारनामा
#नीमच जिले के बमोरी गांव के युवा कलाकार धीरज अहीर ने अपनी अनोखी कला से हर किसी को चौंका दिया। धीरज ने रंग और ब्रश के बजाय राई के 3 लाख 51 हजार दानों का इस्तेमाल कर समाजसेवी अशोक अरोरा गंगानगर का शानदार पोर्ट्रेट तैयार किया। इस अनूठी कलाकृति को पूरा करने में उन्हें लगातार 15 दिनों तक दिन-रात मेहनत करनी पड़ी। राई के छोटे-छोटे दानों को बेहद बारीकी और सटीकता से व्यवस्थित कर तैयार की गई तस्वीर देखने में बेहद आकर्षक है। धीरज को यह कला अपने पिता से विरासत में मिली है और पिता के मार्गदर्शन में उन्होंने इस हुनर को नई पहचान दी है। शनिवार को धीरज ने अपनी इस अद्भुत कलाकृति को समाजसेवी अशोक अरोरा को भेंट किया। धीरज का कहना है कि वे भविष्य में अपनी सूक्ष्म कला के माध्यम से नीमच और मध्यप्रदेश का नाम देश-दुनिया में रोशन करना चाहते हैं। गांव की मिट्टी से निकले इस युवा कलाकार की प्रतिभा अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।