स्कूल एवं यात्री वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, दो स्कूल बसें जब्त
मंदसौर। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशानुसार जिले में स्कूल एवं यात्री वाहनों की जांच का अभियान परिवहन विभाग द्वारा चलाया जा रहा है। अभियान के तहत परिवहन अधिकारी श्री दीपक कुमार मांझी के निर्देश पर परिवहन विभाग की टीम ने स्कूल बसों एवं यात्री वाहनों की जांच करते हुए नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई की।
जांच के दौरान सांदीपनी स्कूल, गुर्जरबड़िया में संचालित स्कूल बसों की जांच की गई। इसमें दो स्कूल बसों का बिना पंजीयन संचालन होना पाया गया। परिवहन विभाग ने दोनों बसों को थाना अफजलपुर की अभिरक्षा में रखवाकर जब्ती की कार्रवाई की। वहीं एक अन्य स्कूल बस बिना फिटनेस के संचालित पाई गई, जिस पर चालानी कार्रवाई की गई।
इसी प्रकार यात्री वाहनों की जांच के दौरान एक वाहन में ओवरलोडिंग पाए जाने पर चालानी कार्रवाई की गई। वहीं एक यात्री बस बिना परमिट संचालित पाए जाने पर उसे परिवहन कार्यालय की अभिरक्षा में बंद किया गया।
परिवहन अधिकारी दीपक कुमार मांझी ने बताया कि जिले में स्कूल एवं यात्री वाहनों की जांच का अभियान लगातार जारी रहेगा। कलेक्टर दिव्यांक सिंह के निर्देशानुसार नियम विरुद्ध वाहनों का संचालन पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।