पेपरलेस रजिस्ट्रेशन को बढ़ावा देने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश
स्कोर की बैठक में सभी अवर निबंधन पदाधिकारियों को डीएम ने दिए निर्देश
छपरा 28 सितंबर 2026
जिला पदाधिकारी, सारण श्री वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को स्कोर की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी अवर निबंधन पदाधिकारियों के साथ निबंधन से संबंधित कार्यों एवं पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन के संबंध में आम लोगों को अधिक से अधिक जानकारी दी जाए तथा उन्हें इसकी प्रक्रिया एवं लाभ के बारे में समझाया जाए। उन्होंने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन से लोगों को कम कागजात एवं कम समय में रजिस्ट्री की सुविधा मिल रही है। अतः इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाए।
उन्होंने पेपरलेस रजिस्ट्रेशन लागू होने से पूर्व की स्थिति तथा वर्तमान में हो रहे रजिस्ट्रेशन की तुलनात्मक समीक्षा करते हुए सभी निबंधन कार्यालयों को पेपरलेस रजिस्ट्रेशन की संख्या में वृद्धि सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके लिए प्रत्येक कार्यालय स्तर पर प्रभावी जनजागरूकता एवं प्रचार-प्रसार करने को कहा गया।
पूर्व निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा
बैठक में पूर्व में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की भी समीक्षा की गई। निबंधन कर्मियों के प्रशिक्षण, हेल्प डेस्क सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई। सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशों के अनुपालन का प्रतिवेदन समर्पित करने का निर्देश दिया गया।
निबंधन कार्यालयों को प्रोफेशनल लुक देने की पहल
जिला पदाधिकारी ने जिले के सभी निबंधन कार्यालयों को बेहतर एवं व्यवस्थित स्वरूप प्रदान करने के लिए आवश्यक कार्यों का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश भवन निर्माण विभाग को दिया। कार्यालयों में आने वाले लोगों को बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
भ्रामक सूचना एवं अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पेपरलेस रजिस्ट्रेशन अथवा निबंधन प्रक्रिया के संबंध में गलत सूचना अथवा अफवाह फैलाकर आम लोगों को भ्रमित करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। ऐसे मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरतने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कहा कि गलत एवं भ्रामक सूचना के कारण आम लोगों को नुकसान होने के साथ-साथ सरकार को राजस्व की क्षति की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। इसलिए ऐसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाते हुए लोगों तक निबंधन प्रक्रिया से संबंधित सही एवं प्रमाणिक जानकारी पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।
1 views | Saharsa, Bihar | Sep 28, 2026