*बांका में अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर भव्य जागरूकता रैली, बच्चों के सुरक्षित भविष्य और अधिकारों के संरक्षण का लिया गया संकल्प*
अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह, कम उम्र एवं जबरन विवाह उन्मूलन दिवस (International Day for the Elimination of Child, Early and Forced Marriage) के अवसर पर महिला एवं बाल विकास निगम, बांका के तत्वावधान में शपथ ग्रहण, जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
समाहरणालय परिसर, बांका से जिला पदाधिकारी एवं आरक्षी अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया। यह संपूर्ण कार्यक्रम 'बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' योजना के अंतर्गत जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW), बांका की टीम द्वारा सफलतापूर्वक आयोजित किया गया।
इस जागरूकता रैली में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बांका की बच्चियों की सक्रिय और सफल भागीदारी रही। बचपन खेलने, सीखने और सपने देखने का समय है, न कि शादी की जिम्मेदारियों का बोझ उठाने का। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों का शारीरिक व मानसिक विकास रुक जाता है, उनकी पढ़ाई बीच में ही छूट जाती है और उनके उज्ज्वल भविष्य की संभावनाएं सीमित हो जाती हैं।
रैली के दौरान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, बांका की बच्चियों ने पूरे उत्साह और संवेदनशीलता के साथ बाल विवाह रोकथाम हेतु पूरे उत्साह से नारे लगाए, जिनसे लोगो में संदेश पहुंचा
“कम उम्र में शादी रोको, जीवन की बर्बादी रोको।”
“खेलने का उम्र है, बाल विवाह जुर्म है।”
“ज्ञान का दीप जलाना है, बांका जिला को बाल विवाह मुक्त बनाना है।”
इन नारों और संदेशों के माध्यम से समाज के हर वर्ग को यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि बाल विवाह केवल एक सामाजिक कुरीति ही नहीं, बल्कि एक गंभीर कानूनी अपराध भी है—जिसमें 18 वर्ष से कम आयु की लड़की और 21 वर्ष से कम आयु के लड़के का विवाह कानूनन वर्जित है।
रैली समाहरणालय परिसर से प्रारंभ होकर आजाद चौक होते हुए गांधी चौक तक पहुंची, जहां बच्चियों और प्रतिभागियों ने जागरूकता संदेशों के माध्यम से आम नागरिकों को बाल विवाह के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत किया। गांधी चौक के पश्चात रैली पुनः जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) कार्यालय पहुंची, जहां बाल विवाह की रोकथाम हेतु सामूहिक शपथ ली गई।
इस अवसर पर जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन (DHEW) के कर्मी, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की वार्डन तथा वन स्टॉप सेंटर (OSC) के कर्मी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
मार्गदर्शन और हेल्पलाइन की जानकारी
इस मौके पर जिला परियोजना प्रबंधक, महिला एवं बाल विकास निगम, बांका द्वारा कार्यक्रम के प्रभावी संचालन और जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि बाल विवाह या बच्चों व महिलाओं से जुड़ी किसी भी संवेदनशील स्थिति या शिकायत पर चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181, अथवा स्थानीय प्रशासन (अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधियों) से तुरंत संपर्क किया जा सकता है।
कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की बच्चियों, DHEW, OSC एवं संबंधित कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से आयोजित इस कार्यक्रम ने समाज में बच्चों के अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता को और मजबूत किया है।
*"मद्यपान से दूरी, स्वस्थ जीवन के लिए जरूरी।"*
Banka, Bihar | Nov 27, 2026