देवास में RTO की बड़ी कार्रवाई: यात्री बस जब्त, ₹1.44 लाख मोटरयान कर वसूला
बागली-हाटपीपल्या क्षेत्र में यात्री और स्कूल बसों की सघन जांच, 3 वाहनों पर चालानी कार्रवाई
देवास। जिले में नियम विरुद्ध संचालित वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग का चेकिंग अभियान लगातार जारी है। कलेक्टर श्री ऋतुराज सिंह के निर्देश पर जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती बरखा शुक्ला एवं परिवहन विभाग की टीम ने बागली और हाटपीपल्या क्षेत्र में यात्री बसों तथा स्कूल बसों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान सेंट जॉन्स स्कूल, ऑक्सफोर्ड स्कूल, मां उमिया स्कूल एवं सांदीपनि स्कूल, बागली की स्कूली बसों सहित अन्य यात्री वाहनों के दस्तावेज, परमिट और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। जांच में नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 3 वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए ₹16 हजार का शमन शुल्क वसूला गया।
बिना टैक्स चल रही बस जब्त
जांच के दौरान परिवहन विभाग ने यात्री बसों के मोटरयान कर से जुड़े दस्तावेज भी खंगाले। इस दौरान मोटरयान कर जमा किए बिना संचालित एक यात्री बस को जब्त कर लिया गया। बस मालिक ने मौके पर ही ₹98 हजार का मोटरयान कर जमा किया।
इसके अलावा अन्य बकाया मोटरयान कर की भी वसूली की गई। इस तरह चेकिंग अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने कुल ₹1 लाख 44 हजार का मोटरयान कर वसूल किया।
स्कूल बसों की सुरक्षा पर भी फोकस
परिवहन विभाग की टीम ने स्कूली वाहनों में माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मापदंडों के पालन की भी विशेष जांच की। अधिकारियों ने स्कूल बस संचालकों को सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों और वैधानिक दस्तावेजों को पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती बरखा शुक्ला ने स्कूल बस एवं यात्री बस संचालकों से अपील की है कि वे वैध दस्तावेज, परमिट और मोटरयान कर की स्थिति पूरी तरह दुरुस्त रखने के बाद ही वाहनों का संचालन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियम विरुद्ध, बिना वैध दस्तावेज अथवा बकाया मोटरयान कर के साथ संचालित पाए जाने वाले वाहनों के खिलाफ आगे भी चालानी और जब्ती की कार्रवाई जारी रहेगी।
#देवास #RTO #DewasNews #Bagli #Hatpipliya #TransportDepartment #यात्रीबस #स्कूलबस #RTOAction #मोटरयानकर #चेकिंगअभियान #TrafficRules #MadhyaPradesh #TimesMP