🚨 हवेली खड़गपुर में होटलों और मिठाई दुकानों पर SDO की बड़ी छापेमारी, पुराना चिकन और एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक बरामद!
मुंगेर जिले के हवेली खड़गपुर में अगर आप होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाते हैं, मिठाई खरीदते हैं या कोल्ड ड्रिंक पीते हैं, तो सावधान हो जाइए! खाद्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई होटल, रेस्टोरेंट और मिठाई दुकानों में औचक छापेमारी की। इस दौरान कहीं पुराना चिकन और भुना मसाला मिला, तो कहीं एक्सपायरी कोल्ड ड्रिंक, सॉस और खाने योग्य नहीं रहने वाली मिठाइयां बरामद हुईं।
शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम ने हवेली खड़गपुर मुख्य बाजार में छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान डोसा किंग और बिस्किट रेस्टोरेंट से काफी दिनों से रखा पुराना चिकन और भुना हुआ मसाला बरामद किया गया। वहीं आशा होटल से स्ट्रिंग और पेप्सी कोल्ड ड्रिंक की दर्जनों बोतलें तथा चिल्ली और टोमेटो सॉस की एक्सपायरी बोतलें मिलीं।
इसके अलावा हाट चौक के आसपास स्थित मिठाई दुकानों की जांच में भारी मात्रा में पुरानी और खाने योग्य नहीं रहने वाली मिठाइयां बरामद की गईं। प्रशासन ने जब्त खाद्य सामग्रियों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।
छापेमारी अभियान के दौरान वैष्णवी स्वीट्स एंड स्नैक्स, रस कुंज, आशा होटल, बिस्किट रेस्टोरेंट, प्रदीप स्वीट, बेकरी शॉप, केक दुकान, मोहन स्वीट और मां दुर्गा स्वीट्स सहित दर्जनों प्रतिष्ठानों की जांच की गई।
वहीं अंबेडकर चौक स्थित प्रदीप मिठाई दुकान का संचालक छापेमारी की सूचना मिलते ही दुकान बंद कर फरार हो गया। इसके बाद अधिकारियों ने दुकान खुलवाकर जांच की और कड़ी हिदायत दी। मुख्य बाजार स्थित तीन मंजिला कुमार स्वीट्स की इमारत पर बड़े आकार की भट्ठी और चूल्हा जलता देख अधिकारियों ने नाराजगी जताई। बाजार के बीच इस तरह की भट्ठी को हादसे का खतरा बताते हुए इसे जल्द हटाने का निर्देश दिया गया।
अचानक हुई इस कार्रवाई से पूरे बाजार में हड़कंप मच गया। छापेमारी दल में डीएसपी अभय कुमार, अंचलाधिकारी जयप्रकाश, कार्यपालक पदाधिकारी विशाल मोहन, बीडीओ संजय कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी मनीष कुमार, थानाध्यक्ष पंकज कुमार, एसआई कुंदन कुमार, सुनीता कुमारी सहित पुलिस बल और नगर परिषद के कर्मी शामिल रहे।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि ग्राहकों की सेहत से खिलवाड़ करने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
📍 स्थान: हवेली खड़गपुर, मुंगेर (बिहार)
खाद्य सामग्री खरीदते समय उसकी गुणवत्ता और एक्सपायरी डेट जरूर जांचें। जागरूक रहें, सुरक्षित रहें!
📢 खबर को अधिक से अधिक शेयर करें, ताकि लोगों तक यह जानकारी पहुंच सके।
#HaveliKharagpur #Munger #MungerNews #SDORaid #PremKumar #FoodSafety #HotelRaid #मिठाईदुकान #ExpiryFood #FoodInspection #BiharNews #BreakingNews #HaveliKharagpurNews #MungerPolice #Bihar
Munger, Munger | Nov 7, 2026