मुरैना पुलिस में 8 अधिकारियों को पदोन्नति, एसपी धर्मराज मीना ने कंधों पर लगाया तीसरा स्टार
मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना (भा.पु.से.) ने शनिवार, 18 जुलाई को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में आयोजित गरिमामय समारोह में विभागीय परंपरा के तहत जिला पुलिस बल के आठ अधिकारियों को पदोन्नति पर सम्मानित किया।
समारोह में उप निरीक्षक संजय बरैया (थाना प्रभारी स्टेशन रोड), पारथ सिंह परिहार (थाना प्रभारी टेंटरा) तथा सूबेदार मलखान सिंह परमार, हरेंद्र सिंह राजपूत और गजेंद्र परिहार को कंधों पर तीसरा स्टार लगाकर निरीक्षक/रक्षित निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया।
इसके साथ ही कार्यवाहक निरीक्षक दीपेन्द्र यादव (थाना प्रभारी बामौर), वीरेश सिंह कुशवाह (थाना प्रभारी अंबाह) एवं राजेन्द्र सिंह परिहार (थाना प्रभारी पहाड़गढ़) को निरीक्षक पद पर नियमित पदोन्नति मिलने पर बधाई दी गई।
इस अवसर पर एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि पदोन्नति केवल उच्च पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि नेतृत्व, अनुशासन, जिम्मेदारी और उत्कृष्ट सेवा का दायित्व भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों से पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं देने तथा विभाग की गरिमा और जनविश्वास को मजबूत करने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी पदोन्नत अधिकारी अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता के बल पर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देंगे तथा अधीनस्थ कर्मचारियों के लिए प्रेरणा बनेंगे।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर, रक्षित निरीक्षक रविकांत शुक्ला सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। समारोह उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और सभी पदोन्नत अधिकारियों को उनके नए दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी गईं।
Morena Nagar, Morena | Jul 18, 2026