*सेवा का संकल्पः स्वच्छता, वृक्षारोपण और बाल चौपाल से शुरू हुआ आँगन मिलन सेवा अभियान*
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार एवं प्रभारी परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती पुष्पलता मरावी के मार्गदर्शन में आकांक्षी विकासखंड बजाग में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय ‘आँगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का उत्साहपूर्वक शुभारंभ किया गया। पर्यवेक्षक श्रीमती तबस्सुम खान के नेतृत्व में सेक्टर लालपुर एवं हर्रा के समस्त आंगनवाड़ी केंद्रों में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य आंगनवाड़ी केंद्रों को सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाना तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
कार्यक्रम के प्रथम दिवस स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण एवं बाल संवाद पर आधारित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं स्थानीय महिलाओं ने केंद्र परिसर, रसोई और शौचालय की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया तथा स्वच्छता की शपथ ली। ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत आंगनवाड़ी परिसरों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। साथ ही बाल चौपाल के माध्यम से बच्चों से संवाद कर उन्हें पौष्टिक आहार, हाथ धुलाई एवं खेल-खेल में शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई।
पर्यवेक्षक श्रीमती तबस्सुम खान ने बताया कि तीन दिवसीय कार्यक्रम के आगामी दिनों में पोषण परामर्श, गृह भेंट, सखी सम्मेलन एवं समुदाय आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों के प्रति समुदाय की सहभागिता और विश्वास को मजबूत करने के साथ कुपोषण मुक्त बजाग की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। कार्यक्रम में आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, आशा सहयोगिनी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं।
#sevasankalap #sevasankalapabhiyan #collectordindori #jansampark #AanganMilnaSeva #SevaSankalpAbhiyan #SwachhataAbhiyan #Vriksharopan #BalChaupal #PoshanAbhiyan #Dindori #WomenAndChildDevelopment #CommunityParticipation