#ब्रेकिंग_न्यूज..
भरतपुर। बयाना-भरतपुर रेलमार्ग पर शनिवार शाम सालाबाद रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां राजधानी एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। ट्रेन की टक्कर के बाद महिला का शव करीब एक किलोमीटर तक पटरी पर घसीटता चला गया। घटना की सूचना मिलने पर आरपीएफ और बयाना कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ जब राजधानी एक्सप्रेस बयाना से भरतपुर की ओर जा रही थी। लोको पायलट द्वारा स्टेशन मास्टर को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस और आरपीएफ की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। मौके पर एएसपी रामगोपाल बसवाल, कोतवाली थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर, आरपीएफ चौकी प्रभारी तुलसीराम मीणा और एएसआई निर्भय सिंह अपनी टीम के साथ पहुंचे। मृतका ने नीले रंग की प्रिंटेड साड़ी पहन रखी है, लेकिन फिलहाल उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के इलाकों में पहचान के प्रयास कर रही है और शव को बयाना उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।