रात्रि में सक्रिय दिखी पुलिस, एसडीपीओ सदर ने थानों व गश्ती व्यवस्था का लिया जायजा
जहानाबाद:
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (सदर) ने बुधवार देर रात जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान टेहटा एवं बराबर थाना पहुंचकर लंबित कांडों की समीक्षा की गई और उनके शीघ्र निष्पादन के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान ओडी ड्यूटी, थाना हाजत (लॉक-अप) तथा अन्य रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्थाओं की भी गहन जांच की गई। इसके बाद विशुनगंज थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती का निरीक्षण कर गश्ती दल की गतिविधियों का जायजा लिया गया। पुलिस उपाधीक्षक ने गश्ती कर्मियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने तथा अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में रात्रिकालीन सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।