छठ घाटों की तैयारी अंतिम चरण में मेयर- पूर्व डिप्टी मेयर ने अधिकारियों के साथ किया पितामहेश्वर सहित अन्य घाटों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने का निर्देश
सफाई, रोशनी, चेंजिंग रूम और पेयजल की रहेगी मुकम्मल व्यवस्था, सभी 30 चिन्हित घाटों को किया जा रहा दुरुस्त
गयाजी। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गयाजी में तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम की ओर से शहर के सभी चिन्हित छठ घाटों को दुरुस्त करने का काम युद्धस्तर पर कराया जा रहा है। घाटों की साफ-सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पेयजल, अस्थायी पुलिया और श्रद्धालुओं के आवागमन तक की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को मेयर डॉ. वीरेंद्रज कुमार उर्फ गणेश पासवान, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार सहित नगर निगम के अन्य पदाधिकारियों ने शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
खास बात यह रही कि मेयर खुद छठ कर रहे हैं और इसी दौरान छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान वे छठव्रतियों की सुविधाओं को लेकर विशेष रूप से गंभीर नजर आए। उन्होंने घाटों पर पहुंचकर एक-एक व्यवस्था का बारीकी से अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण की शुरुआत पितामहेश्वर घाट से हुई। यहां पहुंचकर मेयर ने घाट की साफ-सफाई, पानी के आसपास की व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आने-जाने वाले रास्तों का जायजा लिया। मौके पर दो दर्जन से अधिक सफाईकर्मी घाट की सफाई में जुटे हुए थे। मेयर ने सफाई कार्य में और तेजी लाने तथा घाटों के आसपास जमा कचरे को तत्काल हटाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा से पहले सभी घाट पूरी तरह स्वच्छ और व्यवस्थित होने चाहिए, ताकि व्रतियों को पूजा-अर्चना और अर्घ्य देने में किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो।
इसके अलावा घाटों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, अस्थायी पुलिया, कारपेट बिछाने और पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिया कि घाटों पर आने-जाने वाले रास्तों को भी व्यवस्थित रखा जाए, ताकि भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। इसके बाद मेयर सहित अधिकारियों की टीम ने सीढ़िया घाट समेत अन्य प्रमुख छठ घाटों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान जहां भी कमियां नजर आईं, उन्हें समय रहते दूर करने का निर्देश दिया गया।
मेयर गणेश पासवान ने कहा कि लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर नगर निगम की ओर से शहर के चिन्हित छठ घाटों पर विशेष तैयारी की गई है। तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया गया है। निरीक्षण के दौरान जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया है। उन्होंने कहा कि नगर निगम इस बार भी छठ घाटों पर पहले से बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए प्रयासरत है। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, चेंजिंग रूम, पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाओं को छठव्रतियों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। हमारा प्रयास है कि छठव्रती पूरी श्रद्धा और सुविधा के साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित कर सकें।
वहीं, सशक्त स्थायी समिति के सदस्य अखौरी ओंकारनाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने कहा कि नगर निगम की ओर से पिछले कई दिनों से छठ घाटों को व्यवस्थित और बेहतर बनाने का काम लगातार कराया जा रहा है। अब तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। इसी क्रम में आज विभिन्न घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को कई जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों की सुविधा नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रमुख घाटों पर कंट्रोल रूम बनाए गए हैं, ताकि किसी भी तरह की समस्या या आवश्यकता होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा घाटों पर चेंजिंग रूम, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, जलापूर्ति, साफ-सफाई सहित तमाम जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व को बेहतर और व्यवस्थित बनाने में स्थानीय नागरिकों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। नगर निगम के कर्मियों के साथ आम नागरिक भी इस महापर्व की तैयारियों में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।
नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार ने कहा कि नगर निगम की ओर से सभी 30 चिन्हित छठ घाटों की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। शेष बचे कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। सफाईकर्मी लगातार युद्धस्तर पर काम कर रहे हैं। घाटों की साफ-सफाई के साथ-साथ अन्य मूलभूत सुविधाओं को भी दुरुस्त किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए नगर निगम की पूरी टीम मुस्तैदी से काम कर रही है। पर्व के दौरान भी व्यवस्थाओं पर विशेष नजर रखी जाएगी, ताकि छठ पूजा शांतिपूर्ण, स्वच्छ और व्यवस्थित माहौल में संपन्न हो सके।
नगर निगम की कोशिश है कि छठ महापर्व के दौरान शहर के सभी प्रमुख घाटों पर स्वच्छता, रोशनी और सुविधाओं का बेहतर इंतजाम रहे, जिससे व्रतियों को अर्घ्य देने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।