दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर कौआकोल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित।
आगामी दुर्गा पूजा (दशहरा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं आपसी भाईचारे के वातावरण में संपन्न कराने तथा विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज दिनांक 13 अक्टूबर 2026 को कौआकोल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर श्री अमित अनुराग ने की।
बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा पंडालों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, यातायात प्रबंधन तथा आम नागरिकों की सुविधा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित शांति समिति के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों से पर्व के दौरान आपसी समन्वय, सहयोग एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि दुर्गा पूजा (दशहरा) आस्था, श्रद्धा एवं सामाजिक समरसता का पर्व है। सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि वे इस पर्व को आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था संधारण के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी की जाएं तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
बैठक में पूजा समितियों को निर्देशित किया गया कि वे निर्धारित नियमों एवं प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूजा का आयोजन करें। पूजा पंडालों एवं आसपास के क्षेत्रों में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। पंडालों में अग्नि सुरक्षा के आवश्यक उपाय सुनिश्चित करने तथा विद्युत तारों एवं अन्य उपकरणों के सुरक्षित उपयोग पर भी विशेष ध्यान देने की आवश्यकता बताई गई।
इसके साथ ही, जुलूस एवं विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने पर बल दिया गया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि पर्व के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन को दें। सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा असत्य सूचनाएं प्रसारित करने से बचें और किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें।
बैठक में उपस्थित शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को आवश्यक सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति, सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने का आश्वासन दिया।
नवादा से राकेश कुमार चन्दन की रिपोर्ट !
Nawada, Nawada | Oct 13, 2026