जिला कार्यालय रूद्रप्रयाग में जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने किया ध्वजारोहण,,
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम रूद्रप्रयाग जिला कार्यालय परिसर में आयोजित हुआ। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया, जिसके बाद राष्ट्रगान हुआ। पुलिस टुकड़ी ने राष्ट्रीय ध्वज को गार्ड ऑफ ऑनर दिया। कार्यक्रम में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने विचार रखे तथा देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्मिक सम्मानित,
कार्यक्रम के दौरान जनपद में अपने दायित्वों का उत्कृष्ट निर्वहन करने वाले अधिकारियों एवं कार्मिकों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। राजराजेश्वरी महिला स्वयं सहायता समूह, परकंडी के सदस्यों के साथ ही सूचना विभाग के कनिष्ठ सहायक अरुण भरतरी, जिला सेवायोजन कार्यालय के अनुदेशक किशन सिंह रावत, कलेक्ट्रेट के वरिष्ठ सहायक विनोद भास्कर एवं वैयक्तिक सहायक नीरज बिष्ट तथा विकास भवन के वैयक्तिक सहायक आशीष जोशी सहित अन्य कार्मिकों को कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।