समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
*प्रेस विज्ञप्ति*
दिनांक : 22 सितंबर 2026
*सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में बिहार सरकार की महत्वपूर्ण पहल*
*मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 25 हजार लाभार्थियों को राज्य अनुदान का किया DBT हस्तांतरण,*
‘ *मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना’ का शुभारंभ*
मधेपुरा, 22 सितंबर 2026। बिहार सरकार के ऊर्जा विभाग के तत्वावधान में आज झल्लू बाबू सभागार, मधेपुरा में ऑनलाइन माध्यम से माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्य सरकार की ओर से देय अतिरिक्त अनुदान राशि के हस्तांतरण तथा ‘मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना’ के शुभारंभ का राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार चौधरी एवं माननीय उप मुख्यमंत्री श्री विजेन्द्र प्रसाद यादव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता माननीय मंत्री, ऊर्जा विभाग, बिहार श्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल ने की।
इस अवसर पर आलमनगर विधानसभा क्षेत्र के माननीय विधायक श्री नरेंद्र नारायण यादव, माननीय सांसदगण एवं विधानमंडल के अन्य माननीय सदस्यगण सहित जिलाधिकारी, मधेपुरा, उप विकास आयुक्त, मधेपुरा, जिले के वरीय पदाधिकारीगण, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में लाभार्थी उपस्थित रहे।
*25 हजार लाभार्थियों के खाते में सीधे पहुंची राज्य अनुदान की राशि*
कार्यक्रम के दौरान माननीय मुख्यमंत्री द्वारा राज्य के 25,000 लाभार्थियों के बैंक खातों में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत राज्य सरकार की ओर से देय अतिरिक्त अनुदान राशि का प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) किया गया। इसके साथ ही राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को व्यापक स्तर पर प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
*सोलर रूफटॉप प्लांट लगाने पर केंद्र के साथ राज्य सरकार भी देगी अतिरिक्त अनुदान*
उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत घर की छत पर 1 से 3 किलोवाट क्षमता तक के सोलर रूफटॉप प्लांट स्थापित करने पर केंद्र सरकार द्वारा अनुदान उपलब्ध कराया जाता है। अब बिहार सरकार द्वारा भी पात्र लाभार्थियों को अतिरिक्त राज्य अनुदान प्रदान किया जाएगा। इससे अधिकाधिक परिवारों को सौर ऊर्जा अपनाने तथा बिजली की खपत में बचत के साथ मुफ्त बिजली के अधिकतम लाभ की दिशा में प्रोत्साहन मिलेगा।
*बिजली बिल में कमी के साथ हरित ऊर्जा को मिलेगा बढ़ावा*
‘मुख्यमंत्री सोलर प्रोत्साहन योजना’ का प्रमुख उद्देश्य राज्य में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देना, घरेलू बिजली व्यय को कम करना तथा स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा के प्रति आमजन को प्रोत्साहित करना है। सौर ऊर्जा के व्यापक उपयोग से उपभोक्ताओं को दीर्घकालिक आर्थिक बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण में भी योगदान मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि “हमारा आधार... *ऊर्जस्वित बिहार”* के संकल्प के साथ राज्य सरकार स्वच्छ, सस्ती एवं सतत ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सौर ऊर्जा को अपनाना ऊर्जा की बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के साथ-साथ कार्बन उत्सर्जन में कमी और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने आमजन से सौर ऊर्जा के अधिकाधिक उपयोग के लिए आगे आने तथा सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
जिला जनसंपर्क कार्यालय, मधेपुरा
Information & Public Relations Department, Government of Bihar