बाढ राहत कार्यो से निपटने के लिए डीसी ने अधिकारियों के साथ लिया जायजा
भिवानी आंखों देखी हलचल
डीसी साहिल गुप्ता ने गुरुवार को जिले में मॉनसून सीजन के दौरान संभावित जल भराव की स्थिति से निपटने के लिए किए गए बाढ़ राहत कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न गांवों और शहरी क्षेत्रों का दौरा कर बाढ़ राहत कार्यों, ड्रेनेज सफाई व्यवस्थाओं, अमृत सरोवर, जल संचय जन भागीदारी (जेएसजेबी) परियोजनाओं, विद्यालयों में जल संरक्षण कार्यों तथा सीवरेज एवं जल निकासी परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सेफ्टी जैकेट पहनकर गांव निनान स्थित वाटर टैंक में नाव का भी जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीसी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीसी साहिल गुप्ता ने कहा कि मानसून सीजन आने से पहले जलभराव की समस्या से बचाव और बारिश के पानी की निकासी के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जहां भी ड्रेनों, नालों अथवा जल निकासी मार्गों में अवरोध है, उन्हें तत्काल दूर किया जाए ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।